वाराणसी में चार दिन में पांचवीं चेन स्नैचिंग, बचने की कोशिश में महिला बाइक से गिरकर घायल
वाराणसी में चेन स्नैचरों की हौसले बुलंद हैं। वे लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। रविवार को भी एक महिला से चेन छीन लिया गया। ककरमत्ता ओवरब्रिज पर भाई के साथ बाइक से जा रही महिला से सरेराह चेन औऱ मंगलसूत्र दोनों लूट लिया गया। इस दौरान गिरने से महिला घायल भी हो गई। पांच दिनों में शहर में यह चौथी घटना है। अगर एक हफ्ते की बात करें तो छह घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें चार घटनाएं अकेले मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में ही हुईं।
सुंदरपुर निवासी 55 वर्षीय सिमला देवी शादी में आई थीं। रात करीब साढ़े आठ बजे उनके भाई देव प्रकाश बाइक से उन्हे घर छोड़ने जा रहे थे। वह ककरमत्ता ओवरब्रिज पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवारों ने महिला के गले से चेन और मंगलसूत्र खींच लिया और फरार हो गए। अचानक छटका लगने से महिला भी बाइक से नीचे मुंह के बल गिर पड़ीं। उनका दांत टूटने से चेहरा लहुलुहान हो गया। तत्काल उन्हे अस्पताल ले जाया गया।
पहले की घटनाओं की तरह यह घटना भी पुलिस पिकेट के पास ही हुई। इस बार भी पुलिस पिकेट से महज 50 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और भाग निकले। घटना के बाद पुलिस खानापूरी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कर रही है।
एक हफ्ते में 6 चेन स्नेचिंग की वारदात
16 फरवरी को शिवदासपुर में भगवानी देवी के साथ चेन स्नेचिंग
19 फरवरी को लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर में उषा श्रीवास्तव से चेन स्नेचिंग
19 फरवरी को लंका थाना क्षेत्र के राजेंद्र विहार कॉलोनी उषा दुबे से चेन स्नेचिंग
20 फरवरी को नर्सरी संचालक की मां चंद्रावती देवी के साथ चेन स्नेचिंग
21 फरवरी को नीलकंठपुरम कॉलोनी में प्रियंका के साथ चेन स्नेचिंग।
23 फरवरी को सिमला देवी के साथ चेन और मंगलसूत्र स्नेचिंग